जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़कों के दिन जल्द बहुरेंगे। इसके लिए क्षेत्रीय विकास (पूर्वांचल) निधि योजना के तहत 43 बदहाल सड़कों के कायाकल्प के लिए कुल 9 करोड़ 91 लाख 78 हजार रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इसकी पहली किस्त 4 करोड़ 95 लाख 89 हजार रुपये शासन की ओर से जारी कर कर दी गई है। इन सड़कों का कायाकल्प होने से 50 हजार से अधिक लोगों को सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कों की हालत खस्ता है। गड्ढों के कारण इन सड़कों पर आवागमन राहगीराें के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। इसके मद्देनजर माननीयों की ओर से विधानसभा क्षेत्र की बदहाल 43 सड़कें, जिनकी लंबाई 18251 किलोमीटर है, चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इसकी स्वीकृति मिल गई है। इन सड़कों के निर्माण में कुल 9 करोड़ 91 लाख 78 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी पहली किस्त 4 करोड़ 95 लाख 89 हजार शासन की ओर से जारी कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इन सड़कों को बन जाने से करीब 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।
.................
सुधारी जाएंगी ये सड़कें
रामपुर ग्रामसभा छेरहटी से प्रयासपुर पुल तक सीसी रोड। विकासखंड करंजाकला सैदपुर गड़उर चौहान बस्ती से संपर्क मार्ग का निर्माण। शाहगंज में जौनपुर-शाहगंज मार्ग से ग्राम सभा चकसाग्यास में देवराईन माई के स्थान से होते हुए प्रवीण के विद्यालय तक संपर्क मार्ग का नव निर्माण कार्य। बदलापुर में फत्तूपुर रेलवे क्राॅसिंग एनएच 56 से बबुरा शर्मा बस्ती संपर्क मार्ग तक नव निर्माण कार्य। महाराजगंज के बरहूपुर पिच रोड से ठाकुर बस्ती तक संपर्क मार्ग का नव निर्माण। सुईथाकला में सरपतहां समोधपुर संपर्क मार्ग से ऊंचगांव संपर्क मार्ग तक सीसी रोड का निर्माण कार्य समेत अन्य क्षेत्रों की कुल 43 सड़कों को सुधारा जाएगा।
....................
वर्जन
ग्रामीण क्षेत्रों की 43 बदहाल सड़कों का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से कुल 9 करोड़ 91 लाख 78 हजार रुपये की स्वीकृति मिल गई है। धनराशि को कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को भेज दिया गया है, जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा।
- डॉ. अरुण यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी