डोभी। औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड पर डोभी स्टेशन से पूरब पूरनपुर गांव में रेलवे की ओर से अवरुद्ध रास्ते की उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर औड़िहार संजीत कुमार ने शनिवार को निरीक्षण कर नाप जोख की। ग्रामीणों से आवागमन की समस्या के संबंध में भी उन्होंने जानकारी ली। चंदवक बाया बगेरवा पूरनपुर, कैथौली, लोकपट्टी सहित आधा दर्जन गांवों को जाना वाला पिच मार्ग पर औड़िहार- जौनपुर रेल प्रखंड पर पूरनपुर गांव के सामने रेल विभाग ने एक सप्ताह पूर्व लोहे का गार्डर गाड़ कर रास्ता बंद कर दिया। आवागमन में परेशानी हुई तो ग्रामीणों ने चार दिन पूर्व उसी स्थान पर किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में रेलवे के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही रेलमंत्री को समस्या से अवगत कराते हुए समाधान का अनुरोध किया। घटनाक्रम का उच्चाधिकारियों ने संज्ञान लिया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य औड़िहार संजीत कुमार ने निरीक्षण कर नापी कराई। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। माैके पर किसान नेता अजीत सिंह, सोनू सिंह, योगेंद्र सिंह, संजय सिंह आदि रहे।