जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के लोढ़िया गांव के पास शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से जख्मी युवक को सीएचसी सुइथाकला ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। सरपतहां थाना क्षेत्र के भिखनापुर गांव निवासी प्रज्वल सिंह (30) पुत्र राज बहादुर सिंह अपने दो मित्रों के साथ पट्टी नरेंद्रपुर बाजार से घर लौट रहा था। लोढ़िया गांव के पास तीन की संख्या में पहुंचे बाइक सवारों ने प्रज्वल को पास बुलाया और बातचीत करने लगे। इसी बीच एक युवक ने पिस्टल निकालकर प्रज्वल को लक्ष्यकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर अफरातफरी मच गई। हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। गोली प्रज्वल के पैर में लगी। उसे तत्काल सीएचसी सुइथाकला ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष सरपतहां संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।