संशोधित... असलहा तस्कर रंजीत शर्मा। सोशल मीडिया
जौनपुर। अंतरराज्यीय असलहा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी जौनपुर पुलिस को रविवार को बड़ी कामयाबी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े करीब 30 आरोपियों के नाम सामने आए हैं। आरोपियों में हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले, कैरियर और शूटर शामिल हैं। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि जौनपुर पुलिस ने बिहार के छपरा जिले के पश्चिम रौजा थाना क्षेत्र, नगर छपरा निवासी रंजीत शर्मा को छपरा (बिहार) से गिरफ्तार किया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर जौनपुर लाया जा रहा है। वहीं, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली और मध्यप्रदेश में पुलिस की 10 टीमें छापा मार रही हैं।
पुलिस की जांच में मेरठ के अनिल बालियान, देहरादून स्थित रॉयल आर्म्स के संचालक परीक्षित नेगी और कानपुर के हैरिस गन हाउस के संचालक अब्दुल्ला खान तक पहुंच गई है। पुलिस इनके संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही है। हथियारों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सरपतहा थाना क्षेत्र के जुड़ापुर निवासी शुभम सिंह इस तस्करी नेटवर्क से जुड़ा था। उसके संपर्क मेरठ के अनिल बालियान, देहरादून के परीक्षित नेगी, कानपुर के अब्दुल्ला खान और बिहार के रंजीत शर्मा से थे। आरोपियों से पूछताछ में करीब 30 लोगों के नाम सामने आए हैं।
इनमें ज्यादातर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग कथित तौर पर शूटर, हथियारों के खरीदार-विक्रेता के रूप में काम करते थे। पुलिस अब इन लोगों के संपर्कों के आधार पर हथियारों और कारतूसों की आपूर्ति तथा खरीद-बिक्री की कड़ियां जोड़ रही है।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और अवैध हथियार किन माध्यमों से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाए जाते थे।