बदलापुर। सल्तनत बहादुर इंटर कालेज में सात, आठ व नौ नवंबर को आयोजित बदलापुर महोत्सव में क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से ढेर सारी सौगातें मिल सकती हैं। विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि क्षेत्र के लिए ज्वलंत समस्या बक्शा-तेजी बाजार-लोहिन्दा मार्ग के चौड़ीकरण व उसके जीर्णोद्धार के लिए धन के स्वीकृति की घोषणा के साथ ही सीएचसी बदलापुर में डिजिटल एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीन लगवाए जाने की घोषणा होगी। इसके अलावा विकास के तमाम परियोजनाओं की घोषणा की जाएगी।
बता दें कि बदलापुर खुर्द में पीली नदी पर सेतु निर्माण सहित तमाम पुल-पुलियों, सड़क की घोषणा पिछले वर्ष तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या द्वारा की गई थी, जो आज कार्य रूप में है। विधायक ने बताया कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करके इसे आदर्श विधानसभा बनना मेरा उद्देश्य है।
शिविर लगाकर शादी का प्रमाणपत्र वितरित करेंगे सब रजिस्ट्रार
बदलापुर। सल्तनत बहादुर इंटर कालेज में सात, आठ व नौ नवंबर को आयोजित बदलापुर महोत्सव के पहले दिन सामूहिक विवाह के लाभार्थियों को तत्काल मौके पर प्रमाण त्र निर्गत करने के लिए जिले के सभी सब रजिस्ट्रार परिसर में शिविर लगाएंगे।इसका उद्देश्य शादी का एक भी जोड़ा प्रमाणपत्र से वंचित न रहे। यह जानकारी सब रजिस्ट्रार बदलापुर दिग्विजय सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि शादी प्रमाणपत्र के लिए लाभार्थियों को दो आईडी, फोटो व हाईस्कूल का प्रमाणपत्र साथ में लाना होगा। जो जोड़ा अशिक्षित है उन्हें उनकी जन्मतिथि का प्रमाणपत्र राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित कराकर लाना होगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष आयोजित बदलापुर महोत्सव में सामूहिक विवाह के दिन शादी प्रमाणपत्र समय से न देने के आरोप में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री ने जिले के समाज कल्याण अधिकारी को निलंबित कर दिया था। परिणामस्वरूप जिलाधिकारी अनुज झा ने इस महोत्सव में सभी सब रजिस्ट्रार को शिविर लगाने का निर्देश जारी किया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जोड़ों को सुसज्जित परिधानों में आने के लिए आग्रह किया है। उन्होंने जोड़ों के परिजनों को आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने बताया कि अब तक बदलापुर ब्लाक से 153, बक्शा ब्लाक से 70, खुटहन ब्लाक से 50, महराजगंज ब्लाक से 94 तथा सुजानगंज ब्लाक से 29 यानी कुल 396 जोड़ों का आवेदन प्राप्त हो चुका है। इसकी पात्रता की जांच संबंधित ब्लाक के खंड विकास अधिकारी एवं सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह में बैंड बाजों की धुन के बीच विद्वान आचार्य गण द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार करके उन पर विधायक रमेशचंद्र मिश्र एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया जाएगा।