गर सब कुछ ठीकठाक रहा तो जल्द ही सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र का दायरा बढ़ेगा। इसके लिए जिम्मेदारों की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। दायरा बढ़ाने के लिए 100 एकड़ भूमि अधिग्रहण करने का कार्य किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध हो सके और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिल सके, इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सितंबर में शासन से प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद अब उद्योग विभाग इस कार्य को तेजी से निपटाने का कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के आसपास के 100 एकड़ भूमि को अधिग्रहण करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस भूमि में मौजूद सरकारी भूमि को छोड़कर शेष काश्तकारों की आने वाले भूमि को आपसी समझौते के आधार पर अधिग्रहण करने का कार्य कर रहा है, जिसके बाद इस भूमि पर उद्योग स्थापित कराया जाएगा। सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र अभी तक 508 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें 465 औद्योगिक भूखंड मौजूद है।