कोतवाली क्षेत्र के अवरैला गांव में शनिवार की दोपहर पड़ोसियों में नाली का गंदा पानी बहने के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद एक पक्ष ने छत पर चढ़कर फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को घर से असलहा के साथ गिरफ्तार कर लिया।
अवरैला गांव निवासी दान बहादुर सिंह ने शनिवार शाम को कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। कहा कि उनका पड़ोसी तेज बहादुर उर्फ खरपत्तू व हनुमान उर्फ पिल्लू से बीते कई महीनों से नाली का गंदा पानी बहाने को लेकर विवाद चल रहा है। मना करने पर यह लोग मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। शनिवार की दोपहर 12:30 बजे के करीब यह लोग मारपीट के लिए इकट्ठा हो गए। उनके ललकारने पर उनके सहयोग में शिवम सिंह द्वारा उन्हें जान से मारने की नीयत से छत पर चढ़कर लक्ष्य कर फायर किया गया। वह जान बचाकर किसी तरह घर में भाग गया। उसने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी, पीड़ित द्वारा घटना का वीडियो भी दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी शिवम सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त असला बरामद कर लिया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में मुकदमा दर्जकर आरोपी शिवम सिंह को असलहा के साथ गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।