माता-पिता के फेंके गए शव को दिखाता हत्यारोपी बेटा। संवाद
सिरकोनी/जफराबाद। माता-पिता की हत्या में जिला जेल में बंद आरोपी अंबेश कुमार उर्फ रिंकू को पुलिस ने बुधवार को छह घंटे की रिमांड पर लिया। पुलिस हत्यारोपी को नाव में बैठाकर एक-एक कर चार घाटों तक जाल डालकर गोमती को खंगालती रही लेकिन आरोपी के माता-पिता के शव का पता नहीं चला। रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने आरोपी को जेल पहुंचा दिया। जफराबाद थानाक्षेत्र के अहमदपुर गांव निवासी अंबेश कुमार ने रेलवे के लोको पायलट पद से सेवानिवृत्त हुए अपने पिता श्याम बहादुर और मां बबिता देवी की आठ दिसंबर की रात हत्या कर दी थी। बीटेक पास हत्यारोपी बेटे ने पहले सिल-बट्टे से सिर पर वार कर दोनों के तीन-तीन टुकड़े कर दिए थे। आरोपी अपने गुनाहों को छिपाने के लिए माता-पिता के शव को छह बोरे और एक झोले में भरकर सई और गोमती नदी में अपनी कार से ले जाकर उसी रात फेंक दिया था। आरोपी के बयान पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो पिता के शरीर की जांघ के नीचे का हिस्सा बोरे में नदी से बरामद हुआ। पुलिस गाजीपुर जिले की सीमा तक शव की तलाश में 15 गोताखोरों के साथ जुटी रही। बुधवार को हत्यारोपी की निशानदेही पर दोनों तरफ मोथहां पंप कैनाल, बीबीपुर घाट और उसके दूसरी तरफ राजेपुर घाट तक नदी के बीचोबीच जाल शव व अवशेष ढूढंती रही। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला ने बताया कि शव की तलाश की जा रही है।