खुटहन। उसरौली गांव के मोड़ के पास सोमवार की देर रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से 35 हजार नकदी व लाखों की कीमत के गहने बरामद किए गए। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि नकदी और गहने चोरी के हैं। वे गहने बेचने की फिराक में थे। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि उक्त मोड़ पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक आते दिखे। अचानक सामने पुलिस टीम को देख वे पीछे मुड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम रावतपुरा गांव निवासी सुजीत रजक, सराख्वाजा क्षेत्र के मेढामेरे खतीरपुर भैंसा निवासी शेषमन रजक बताया। थानाध्यक्ष ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उनका रामनगर गांव निवासी रोहित विश्वकर्मा के घर आना जाना था। गत 28 फरवरी को उनके घर कोई नहीं था। मौका पाकर दोनों ने रात में घर में घुसकर चोरी की। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर सीसीटीवी कैमरे का फुटेज पुलिस को सौंपा था।