उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराइ गुट की बैठक में बोलते संगठन के प्रांतीय संरक्षक शिक्षक
- फोटो : Archive
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट की बैठक तिलकधारी इंटर कॉलेज में सोमवार को हुई। इसमें मौजूद संगठन के प्रांतीय संरक्षक शिक्षक नेता रमेश सिंह ने कहा कि शिक्षक हितों के लिए अगला धरना प्रदर्शन लखनऊ में किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार को इतना विवश कर दिया जाएगा कि वह शिक्षकों की सभी मांगों को मानने के लिए बाध्य हो जाएं। आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रदेश भर से 50 हजार से अधिक शिक्षकों का जमावड़ा विधानसभा के सामने किया जाएगा। प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ राकेश सिंह ने कहा कि आगामी सत्र में ऐसे विद्यालयों में जहां पर कार्यवाहक प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य का कार्यभार दिया जाना है, वहां पर वरिष्ठतम सहायक अध्यापक एवं वरिष्ठतम प्रवक्ता को ही कार्य भार दिया जाए। मंडल अध्यक्ष सरोज सिंह ने कहा कि बचे हुए तदर्थ शिक्षकों का भी विनियमितीकरण के लिए संगठन प्रयासरत है। प्रांतीय मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने कहा कि बेपटरी हुए एनपीएस की धनराशि खाते में अंतरण कर पुनः पटरी पर लाया जाएगा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष तेरस यादव एवं संचालन जिला मंत्री ठाकुर प्रसाद तिवारी ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सुनील सिंह, बद्री सिंह, हृदय नारायण उपाध्याय, देवेंद्र नाथ सिंह, संजय सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।