जौनपुर में महाराजगंज क्षेत्र में युवक की हत्या के बाद मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे एसपी राजकरन नय्यर।
- फोटो : अमर उजाला
कलछुली गांव के वर्मा बस्ती निवासी जवाहरलाल वर्मा और उनके परिवार के लोग बुधवार को दोपहर में घर पर थे। तभी 25 से 30 की संख्या में लाठी डंडों के साथ मनबढ़ों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। जो जहां मिला हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिए। एक हमलावर ने जवाहर वर्मा के पुत्र संतोष वर्मा (35) को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल संतोष को परिजन सीएचसी बदलापुर ले गए, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
लाठी डंडे के हमले में साधना (19) पुत्री राकेश वर्मा, जवारहलाल (60), पिंटू (17), मिथिलेश (15), अभिषेक (13), हुबेदार (63), राजेश वर्मा (50), मंशा देवी (45), प्रकाश (53), अभिषेक द्वितीय (18) घायल हो गए। घायलों में साधना, जवाहर लाल, हुबेदार, राजेश वर्मा, मंशा देवी की हालत गंभीर देख सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले में घायल जवाहर लाल का आरोप है कि गांव निवासी अमित उपाध्याय की मां आशा देवी चुनाव लड़ी थीं। वह चुनाव हार गईं। वर्मा बस्ती के लोगों ने उनका साथ नहीं दिया। जिससे खुन्नस खाए लोगों ने पहले मोबाइल पर धमकी दी।
रात में भी वर्मा बस्ती पर हमला किया, लेकिन बस्ती के लोग जुट गए। जिससे हमलावरों को भागना पड़ा था। एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर ११ नामजद व कई अज्ञात पर हत्या व बलवा का केस किया गया है। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात की गई है।