मंगलवार को जिले की सभी तहसीलों में आयोजित तहसील दिवस में कुल 889 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से 205 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने मछलीशहर में जनता की फरियाद सुनी। मछलीशहर में तहसील दिवस का आयोजन ब्लाक सभागार में किया गया था।
मछलीशहर में 356 लोगों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर अपना दुखड़ा सुनाया। मौके पर 75 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया गया। सदर तहसील में 121 प्रार्थना पत्रों में से 22 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार केराकत में 112 में से 28, मडियाहू में 83 में से 35, शाहगंज में 70 में से 15 तथा बदलापुर में 147 प्रार्थना पत्रों में से 30 मामलो को मौके पर ही निबटा दिया गया। शेष सभी प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित अधिकारियों को दो दिन के भीतर निस्तारित करने के लिए दे दिया गया है। जिलाधिकारी ने 8 अधिकारियों को 8 स्थानों पर गत तहसील दिवस के शिकायती प्रार्थना पत्रों की जॉच करने के लिए मौके पर भेजा। तहसील दिवस में पुलिस अधीक्षक भारत सिंह यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. दिनेश कुमार यादव, मुख्य विकास अधिकारी पीसी श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एसएनसिंह, डीएफओ आदि मौजूद थे।