मड़ियाहूं। तहसील के अधिवक्ता व कर्मचारियों के बीच हुआ विवाद बुधवार को और गहरा गया। दोनों पक्ष आमने-सामने नजर आए। अधिवक्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने बरामदे में तो कर्मचारी मीटिंग हॉल में धरना प्रदर्शन कर एक दूसरे के विरुद्ध नारेबाजी करते नजर आए। हालांकि मंगलवार की देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। बुधवार को तहसील बार एसोसिएशन की एक आपातकालीन बैठक बार अध्यक्ष सूर्यमणि यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में चार सूत्री मांग पत्र डीएम, बार काउंसिल आफ इंडिया उत्तर प्रदेश प्रयागराज तथा कलेक्ट्रेट व सिविल कोर्ट अधिवक्ता संघ को भेजी गई है। मांग पत्र में एसडीएम मंगलेश दुबे, पेशकार ज्ञानचंद मौर्य, टाइपिस्ट सूरज श्रीवास्तव का स्थानांतरण किया जाए तथा पेशकार ज्ञानचंद मौर्य व संग्रह अनुसेवक रमेश चंद द्वारा अधिवक्ताओं पर दर्ज कराई गई प्राथमिकी वापस लिए जाने की मांग की गई। वहीं, तहसील के कर्मचारी दोषी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।