जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के ठाठन-गोपालापुर गांव के पास रविवार की दोपहर बसुही नदी में नहाते समय दो चचेरे भाइयों समेत तीन किशोर डूब गए। नहाते समय वह मोबाइल में सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले गए। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। घटनास्थल पर पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से डूबे किशोरों की तलाश में जुटी है। रामपुर थाना क्षेत्र के गढ़वा बसीरपुर गांव के कुछ लोग करीब दो किमी दूूर ठाठन गोपालापुर गांव के पास से गुजरी बसुही नदी के रामघाट पर मछली मारने गए थे। घाट पर पहुंचने के बाद विशाल (15) पुत्र रमाशंकर, चचेरा भाई निलेश पुत्र दयाशंकर और गांव का ही किशोर सूर्य प्रकाश पुत्र रमाशंकर दो अन्य साथियों के साथ नदी में नहाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के दौरान वह मोबाइल से सेल्फी भी लेने लगे। किनारे पानी कम था, लेकिन सेल्फी के चक्कर में वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दो किशोर तो किसी तरह नदी से बाहर आ गए, लेतिन विशाल, निलेश और सूर्यप्रकाश डूब गए। किनारे मछली मार रहे लोगों के शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। डूबे किशोरों की तलाश की लोगों ने काफी कोशिश की लेकिन शाम 4 बजे तक सफलता नहीं मिल सकी थी। घटना की सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। विशाल कक्षा 10 और निलेश 11वीं का छात्र है। वहीं सूर्यप्रकाश ने इसी वर्ष दिल्ली से इंटर पास किया है। लॉक डाउन में वह गांव आया था।