कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी को गांव निवासी एक मनबढ़ युवक ने छत से नीचे फेंक दिया। घायलावस्था में उसे जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का कारण मनबढ़ के छेड़छाड़ करने का विरोध करना बताया जा रहा है। किशोरी की मां ने शनिवार की शाम कोतवाली में तहरीर दी।
पीड़िता की मां ने बताया कि 26 दिसंबर को दिन में 3 बजे परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। कक्षा आठ में पढ़ने वाली उनकी 14 वर्षीय बिटिया घर में अकेली थी। वह छत पर सूखा कपड़ा उतार रही थी। इसी दौरान एक गांव निवासी युवक उसे अकेला देखकर घर में घुसा और उससे छेड़खानी करने लगा। किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसने उसे छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वहगंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग शोर सुनकर दौड़े तो आरोपी युवक फरार हो गया। परिजनों ने किशोरी को जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 28 दिसंबर की शाम को किशोरी के मां ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक इस तरह की और भी हरकतें कर चुका है। लेकिन किसी ने लोक लाज के भय से मुकदमा नहीं दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि महिला आई थी। फोटो स्टेट प्रार्थना पत्र देकर गई है। उसे बुलाया गया है जैसे ही मूल प्रार्थना पत्र देती है तो मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।