महराजगंज। क्षेत्र के भटपुरा शारदा सहायक खंड 36 नहर में मंगलवार को किशोरी की अर्द्धनग्न लाश उतराती मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। काफी कोशिशों के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पंचनामा के बाद शवपोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नहर किनारे से गुजर रहे भटपुरा ग्रामीणों को सराय पड़री की तरफ से नहर में उतराती लाश दिखी। पास गए तो किशोरी की अर्द्धनग्न लाश थी। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर फोर्स के साथ एसओ अंगद तिवारी भी पहुंच गए। शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक किशोरी की उम्र 15 वर्ष के आसपास है। लाश 10 दिन पुराना होने का अनुमान है। आशंका जताई जा रही है कि शव को जलाकर फेंका गया है। एसओ अंगद तिवारी का कहना है कि शव की सूचना जौनपुर-प्रतापगढ़ सीमा के पास पट्टी कोतवाली व सुजानगंज में दे दी गई है।