नेवढ़िया क्षेत्र के जयसिंहपुर बाजार में बाबतपुर- जमालापुर मार्ग पर चक्का जाम करते युवती के परिज
नेवढ़िया (जौनपुर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में प्रेम-प्रसंग और धोखे का एक मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय किशोर ने 20 वर्षीय युवती से मंदिर में शादी की और फिर उसे उसके घर छोड़कर भाग गया। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार को बाबतपुर-जमालापुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए सख्ती बरतनी पड़ी और आधा दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पीड़ित युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गत 14 मार्च को गांव का ही दूसरे बिरादरी का किशोर उसे बहला-फुसलाकर अयोध्या ले गया। वहां एक मंदिर में दोनों ने शादी रचाई और फिर मुंबई चले गए। युवती का आरोप है कि वे वहां पति-पत्नी की तरह रहे लेकिन 22 मार्च को किशोर अपने मामा के साथ आया और उसे जबरन उसके घर के दरवाजे पर छोड़कर भाग गया। घटना से नाराज युवती के परिजन रविवार दोपहर करीब 12 बजे सैकड़ों की संख्या में सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि किशोर के साथ युवती की दोबारा आधिकारिक रूप से शादी कराई जाए। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घंटों आवागमन बाधित रखा। सूचना मिलते ही नेवढ़िया पुलिस समेत सर्किल के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। काफी समझाने-बुझाने के बाद भी जब प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। हल्का बल प्रयोग कर चक्काजाम समाप्त कराया गया और विरोध कर रहे 6 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। नेवढि़या थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।