जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मुफ्ती मुहल्ले में रविवार की रात करीब नौ बजे सांड के हमले से एक किशोर की मौत हो गई। सोमवार की सुबह उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मुहल्ले के लोगों ने छुट्टा पशुओं की बढ़ती संख्या पर नाराजगी जताई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मुफ्ती मोहल्ला अलीघाट निवासी मासू का पुत्र मोहम्मद अयूब (15) शाम को सब्जी मंडी गया था। वहां एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। पुराने वाले स्लाटर हाऊस के पास एक सांड सड़क पर खड़ा था। सांड से बचने के लिए अयूब सड़क के किनारे से निकलने का प्रयास करने लगा लेकिन सांड़ ने हमला कर दिया। उसने साइकिल को उठाकर दूर फेंक दिया। अयूब गंभीर रूप से घायल हो गया था।
उसकी गर्दन में के पास का हिस्सा कट गया था और लगातार खून बह रहा था। परिवार के लोग एक निजी अस्पताल में ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई। अयूब अपने इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी बहन है। सोमवार की सुबह उसे मिट्टी दी गई। घटना से मोहल्ले में शोक है। वार्ड संख्या 35 मुफ्ती मोहाल के सभासद फैसल अंसारी का कहना है कि इलाके के लोग छुट्टा पशुओं से त्रस्त हैं। हादसे से लोगों में गुस्सा है।
पहले भी हो चुकी हैं छुट्टा पशुओं से घटनाएं
सांड के हमले से मौत की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। जनवरी 2020 में सिकरारा क्षेत्र के बाकी गांव में एक बुजुर्ग अलाव ताप रहे थे तब सांड ने हमला कर दिया था। इससे वह घायल हो गए थे। वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मार्च 2018 में रामपुर थाना क्षेत्र के नई यादव नगर नई बस्ती घर के बाहर सो रही बुजुर्ग महिला की मौत सांड़ के हमले में हो गई थी। अक्तूबर 2017 में रामपुर थाना क्षेत्र के जोगापुर में सांड के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सितंबर 2021 में जलालपुर के छतारी गांव में फसल से छुट्टा पशुओं केे भगाने गए मवेशियों ने एक व्यक्ति को मार डाला था।