कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पूरा मुकुंद गांव में विद्युत खंभे के स्टेराड में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से बुधवार को एक किशोर की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव निवासी सुभाष चंद्र गौतम का बारह वर्षीय पुत्र शिवकुमार अपने सहपाठी सुजीत गौतम के साथ घर से पांच सौ मीटर दूर स्थित बगीचे में आम बीनने के लिए गया था। दोनों अलग-अलग होकर आम एकत्रित रहे थे। इसी दौरान शिवकुमार बिजली के पोल के पास गिरे हुए आम को उठाने लगा। इसी दौरान खंभे के स्टेराड में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। जिससे उसकी मौत हो गई। खंभे के स्टेराड में करंट से चिपके साथी शिवकुमार को देखकर सुजीत भागकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने के पूर्व शिवकुमार दम तोड़ चुका था। तब तक किसी ने घटना की सूचना विद्युत विभाग के अवर अभियंता रमेश सिंह को दे दी। उन्होंने तत्काल उस फीडर की विद्युत आपूर्ति बंद करायी। किशोर की मौत की खबर लगते ही पिता सुभाषचंद्र गौतम, माता लक्ष्मीना तथा बहन नंदनी का रोते रोते बुरा हाल हो गया।