डोभी में गैस पाइपलाइन जाने के लिए खोदा गया गड्ढा। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के मढ़ी गांव में गैस पाइपलाइन के लिए खेत में खोदे गए गड्ढे में गिरकर सोमवार की सुबह एक किशोरी की जान चली गई जबकि उसकी चचेरी बहन को ग्रामीणों ने बचा लिया। गांव वालों ने गड्ढा खोदकर छोड़ने पर नाराजगी जताई है।
चंदवक थाना क्षेत्र के ही मढ़ी गांव निवासी रामबली विश्वकर्मा की पुत्री आंचल (15) और उसकी चचेरी बहन पायल विश्वकर्मा(14) पुत्री घनश्याम विश्वकर्मा सुबह खेत देखने गई थीं। खेत घर से एक किलोमीटर दूर हिसाबपुर गांव में है। गांव में गैस सप्लाई के लिए भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। निर्माण एजेंसी ने इसके लिए खेत में गड्ढा खोदा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद गड्ढे में पानी भरा था। दोनों गड्ढे के पास से होकर गुजर रहीं थी उसी समय पैर फिसल गया और आंचल गड्ढे में गिर गईं। उसे बचाने के लिए पायल ने उसका हाथ पकड़कर खींचना शुरू किया तो वह गड्ढे में गिर गई।
दोनों ने बचाने की गुहार लगानी शुरू की। उनकी आवाज सुनकर हिसामपुर के राजेंद्र, राजकुमार, सूरज, अमन, पवन मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों बहनों को बाहर निकाला। आंचल की डूबने से मौत हो चुकी थी जबकि पायल की सांसें चल रही थीं। उसका उपचार कराया गया। ग्रामीणों ने गड्ढों के खोदकर छोड़ने और किशोरी की मौत के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। सूचना पर थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह पहुंचे और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत कराया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
मृतक आंचल का फाइल फोटो- फोटो : JAUNPUR