शाहगंज। क्षेत्र के मजडीहा गांव में शनिवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक का पीछा करने के दौरान बाइक सवार उसका साथी भी जख्मी हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खेतासराय थाना क्षेत्र के लेदरही गांव निवासी इमरान का पुत्र सुबहान (16) अपने पड़ोसी हन्नान (20) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। मजडीहा गांव के पास बाइक खड़ी कर सुबहान शौच के लिए सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। साथी के घायल होने पर हन्नान बाइक से ट्रक का पीछा करने लगा। इस दौरान ट्रक ने उसे भी साइड मार दिया। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाय, जहां डॉक्टरों ने सुबहान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक ट्रक समेत फरार हो गया। शाहगंज एसओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।