खेत में पलटी ट्रैक्टर ट्राली। स्रोत-संवाद
तेजीबाजार। क्षेत्र के कपूरपुर गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली खेत में पलटने से 15 वर्षीय युवक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि ट्रैक्टर खेत से मिट्टी गिराकर लौट रहा था। कपूरपुर गांव के रास्ते में गहरे खेत में असंतुलित होकर ट्रैक्टर ट्राली सहित पलट गया। ड्राइवर के बगल बैठा नरी गांव निवासी लाला पाल पुत्र इंद्रजीत पाल (उम्र लगभग 15 वर्ष) ट्राॅली के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को थाने पर ले आए और आवश्यक लिखापढ़ी करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भतीजे प्रदीप उर्फ़ छोटू पाल के मुताबिक ट्रैक्टर चालक छोटू गौतम पुत्र बम्पत, लाला पाल को ट्रैक्टर पर ले गया। वह बार-बार मना कर रहा था लेकिन दोस्ती के कारण लाला पाल को ट्रैक्टर पर जाना पड़ा। वहीं ट्रैक्टर ट्राॅली पलटते ही ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके तीन भाई महराजगंज में हीरो होंडा एजेंसी पर काम करते हैं। पिता किसान हैं, जो खेतीबाड़ी कर परिवार चलाते हैं।