पंदह। खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुवान और भूड़ाडीह के बीच बहेरा नाला के पास मंगलवार की शाम लामबंद युवकों ने चाकू मार कर अरमान (16) को लहूलुहान कर दिया। घायल किशोर की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने चार हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि अरमान अपने ननिहाल भूड़ाडीह में रहता है। उसके मामा सद्दाम का एक बैंक का सीएसपी केंद्र सिकंदरपुर में संचालित है, जहां अरमान कामकाज देखता है। मंगलवार की शाम वह सीएसपी बंद कर गांव लौट रहा था। बहेरा नाला के पास घात लगाए बैठे छह युवकों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे जमकर पीटा फिर उसके पास मौजूद नकदी छीन ली। एक युवक ने चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चार युवकों को पकड़ लिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवकों को थाने ले गई। घायल अरमान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उधर मामा सद्दाम ने घटना के संबंध में तहरीर दी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने कहा कि चाकूबाजी का आरोप गलत है। दो युवकों के बीच मारपीट का मामला है। तहरीर नहीं मिलने पर पकड़े गए युवकों को चालान कर दिया गया है।