जलालपुर। थाना क्षेत्र के मेघपुर गांव के समीप शनिवार की शाम साढ़े छह बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा नाना भी गंभीर रुप से जख्मी हुआ। उसे पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
वाराणसी के नई बस्ती पांडेयपुर निवासी बेचू सरोज का पुत्र नीरज (13) दो दिन पूर्व जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवाकलां स्थित अपनी ननिहाल आया था। शनिवार को वह नाना कतवारु सरोज के साथ बाइक से टाइल्स खरीदने मछलीशहर के गुलजारगंज बाजार में गया था। देर शाम लौटते समय मेघपुर गांव के समीप बाइक पीछे से आ रही ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। नाना कतवारु सरोज गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें पीएचसी में भर्ती कराया गया। एसओ ओमनारायण सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।