तिरंगा लेकर प्रदर्शन करते शिक्षक। संवाद
- फोटो : 1
जौनपुर। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने सहित तीन मांगों के लिए शुक्रवार की शाम को अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने आंबेडकर तिराहे से कलक्ट्रेट तक ‘पेंशन तिरंगा यात्रा’ निकाली। कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यात्रा अंबेडकर तिराहे से शुरू होकर जोगियापुर, जेसीज चौराहा और रोडवेज तिराहा होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। शिक्षक पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग के लिए नारेबाजी किए। यात्रा में महिला शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। संगठन की अध्यक्ष इंदु यादव ने कहा कि साल 2004 के बाद नई पेंशन व्यवस्था लागू होने से शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारियों में सेवानिवृत्ति के बाद भविष्य को लेकर असुरक्षा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने वाले शिक्षक-कर्मचारियों को बुढ़ापे में सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। प्रदर्शन में शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। संगठन का कहना है कि देशभर में 25 लाख से ज्यादा शिक्षक इससे प्रभावित हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे शिक्षकों की है, जो 20 से 25 सालों से सेवा कर रहे हैं। लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की गई।