जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में की शोध एवं नवाचार प्रोत्साहन नीति के तहत किए गए कार्यो के लिए शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने शिक्षकों को किया सम्मानित किया। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि शोध और नवाचार के क्षेत्र में पूर्वांचल विश्वविद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विश्वविद्यालय के शिक्षक अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित जर्नलों में शोध पत्र प्रकाशित कर रहे हैं। वर्ष 2025 में उच्च गुणवत्ता वाले शोध प्रकाशनों के लिए रसायन विज्ञान विभाग रज्जू भैया संस्थान के डॉ. दिनेश कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया। उनके दो शोध पत्र पांच से अधिक इम्पैक्ट फैक्टर वाले अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित होने पर उन्हें पांच-पांच हजार रुपये के दो चेक एवं प्रमाणपत्र दिए गए। उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा स्वीकृत परियोजना के लिए भू एवं ग्रहीय विज्ञान विभाग रज्जू भैया संस्थान के डॉ. श्याम कन्हैया को दस हजार रुपये का चेक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। भौतिक विज्ञान विभाग, इंजीनियरिंग संस्थान के डॉ. मनीष प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद से परियोजना स्वीकृत होने पर दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, रज्जू भैया संस्थान के युवा वैज्ञानिक डॉ. धीरेंद्र कुमार चौधरी को वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित शोध कार्यों के लिए शोध उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चार दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस समारोह के आयोजन के लिए कार्यक्रम समन्वयक प्रो. प्रदीप कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. अन्नू त्यागी एवं डॉ. शशिकांत यादव को कुलपति ने सम्मानित किया।