पुरातन छात्रों के सहयोग से सिकरारा ब्लाक का ताहिरपुर प्राथमिक विद्यालय जिले का पहला स्मार्ट स्कूल बन गया है। यहां के हर कक्ष में ब्लूटूथ स्पीकर और हर कक्ष में स्मार्ट टीवी लगाई गई है। यानी बच्चे अब आधुनिक तरीके से पढ़ाई करते हैं। देश दुनिया की जानकारी के साथ ही ठीक से निगरानी भी हो पाती है। मंगलवार को स्मार्ट क्लास का उद्घाटन बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल और उप शिक्षा निदेशक/डॉयट प्राचार्य डॉ. राकेश सिंह ने फीता काटकर किया।शिक्षा अधिकारियों ने विद्यालय में सहयोग करने वाले पुरातन छात्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, होमियोपैथी चिकित्सक डॉ. दुष्यंत सिंह, पूर्व प्रधान जयंत कुमार सिंह, राजकुमार जायसवाल, बजरंगी चौरसिया व मधुलता सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इन सभी पुरातन छात्रों के द्वारा विद्यालय को पांच स्मार्ट टीवी व ब्लूटूथ स्पीकर उपहार स्वरूप दिया गया है। कार्यक्रम में डॉयट प्राचार्य ने जनपद को सालभर के अंदर निपुण बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने विद्यालय द्वारा सामुदायिक सहयोग से स्मार्ट स्कूल बनाने के पहल की सराहना की। बीएसए डाॅ. पटेल ने कहा कि जल्द ही जनपद के परिषदीय विद्यालय स्मार्ट क्लास से लैस होंगे। उन्होंने प्रधानाध्यापक अमित सिंह व उनके सहयोगियों की तारीफ की। वरिष्ठ प्रवक्ता डॉयट मनीष कुमार सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी दीपक सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर अध्यक्षता राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित पूर्व प्रधानाध्यापक विजय बहादुर सिंह, संचालन पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में अनुपम श्रीवास्तव, सुरेश यादव, शैलेंद्र यादव, शैलेंद्र चतुर्वेदी, दिनेश यादव आदि मौजूद थे।