खुटहन। पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के विजेथुआ महावीर धाम अपने चार साथियों साथ दर्शन-पूजन करने गए युवक की सोमवार की रात संदिग्ध हाल में तालाब में डूबने से मौत हो गई। आरोप है कि साथियों ने बदलापुर सीएचसी में शव छोड़कर भाग गए, जिनके खिलाफ खुटहन थाने में मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
लखनीपुर निवासी आनंद शर्मा (22) बदलापुर थाना इलाके के चंदापुर बाजार में सैलून चलाते थे। बाजार में ही अस्पताल चलाने वाले एक डाक्टर से उनकी दोस्ती थी। सोमवार को आनंद दुकान बंदकर घर आए। भोजन करने के बाद कहा कि वह डाक्टर मित्र के साथ विजेथुआ महावीर धाम दर्शन करने जा रहे हैं। आरोप है कि डाक्टर व अलग-अलग गांवों के तीन युवकों के साथ आनंद चार पहिया वाहन से विजेथुआ गए। वहां आधी रात में तालाब में स्नान कर रहे आनंद शर्मा की संदिग्ध हाल में डूबने से मौत हो गई। मंदिर परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने शव तालाब से निकाला। उपचार कराने की बात करते हुए उसे वाहन से लेकर सभी सीएचसी बदलापुर गए। डाक्टरों के मृत घोषित करने पर शव अस्पताल में छोड़कर खिसक लिए। भोर में उन्हीं में से किसी ने मृत आनंद के पिता रामराज को फोन पर तबीयत खराब होने और भर्ती कराए जाने की जानकारी दी। रामराज अस्पताल पहुंचे तो आनंद का शव पड़ा था। शव घर लेकर आए। पुलिस मौके पर पहुंच गई। रामराज ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। पिता रामराज का आरोप है कि एक सप्ताह पूर्व सैलून बंद कर साइकिल से घर लौट रहे आनंद पर बदलापुर के कूहीं गांव स्थित गौरी शंकर मंदिर के पास नहर पर चार-पांच की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया था। थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।