भाजपा प्रत्याशी द्वारा पैसे बांटने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के विरोध में कलेक्ट्रेट ?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। सपा नेता रजनीश मिश्र के नेतृत्व में सपाइयों ने मंगलवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। सोशल मीडिया में वायरल तस्वीर का हवाला देते हुए भाजपा प्रत्याशी पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया। जांच कर कार्रवाई की मांग की।
सपाइयों का कहना था कि वायरल तस्वीर में भाजपा प्रत्याशी पैसे बांटते दिख रहे हैं। उनकी ओर से चुनाव को प्रभावित करने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर मतदाताओं को खरीदने का प्रयास किया जा रहा है। यह आचार संहिता का उल्लंघन है। लिहाजा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में पीयूष आनंद सौरभ, शिवांशु दुबे, अमित यादव, जयसिंह यादव, सूरज, संजय प्रजापति आदि रहे। वहीं इस बाबत भाजपा प्रत्याशी मनोज सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान एक गायक कलाकार के गीतों की प्रस्तुति बहुत अच्छी थी। उत्साहवर्द्धन के लिए पैसे दिए गए थे। विरोधी अपनी हार देखकर झूठे आरोप लगा रहे हैं। भाजपा बड़े अंतर से यह चुनाव जीत रही है।
---