कड़ाके की इस ठंड में कई दिनों से धूप के लिए तरस रहे जिले के लोगों के लिए रविवार का दिन बेहद खुशनुमा रहा। सुबह करीब 10:30 बजे ही कोहरे को चीरती हुई धूप निकल आई तो जैसे लोगों को बड़ी राहत महसूस हुई। हालांकि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं जारी रहीं। धूप होने से बाजारों में भी रौनक रही। छुट्टी का दिन होने के कारण शहर के लोग परिवारके साथ पिकनिक स्पाटों पर सैर सपाटे के लिए निकल लिए।
नगर के पालिटेक्निक स्थित लोहिया पार्क और शाही किले में लोगों की भीड़ रही। धूप निकलते ही तमाम परिवारों के लोग बच्चों के साथ इन पिकनिक स्पाटों पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ के चलते आस पास चाट, समोसे, चायनीज फूड आदि की चलती फिरती दूकानें भी सज गई। पूरा माहौल गुलजार रहा। पार्क में बच्चों ने झूला का आनंद लिया तो उनके साथ आए अभिभावक सेल्फी लेने में मशगूल रहे। हालांकि शाम ढलते ही गलन बढ़ गई और जल्दी ही लोग घर पहुंच गए। शनिवार की आधी रात से ही घना कोहरा छाया रहा। दिन में 10 बजे तक कोहरे की धुंध ऐसी रही कि हाईवे पर वाहन हेडलाइट जलाकर चल रहे थे। पश्चिम दिशा से चली बर्फीली हवाओं के बीच कोहरा छटने लगा और साढ़े दस बजे ही सुनहरी धूप निकल आई। कई दिनों बाद धूप खिलते ही बच्चे चहक उठे। खेल के मैदान भी गुलजार हो उठे।
ठंड लगने से बालिका की मौत
शाहगंज। स्थानाय क्षेत्र के अर्रगूपुरकलां गांव निवासी विकास गौतम की 10 वर्षीया पुत्री दिव्या गौतम की ठंड लगने से रविवार को मौत हो गई । घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। दिव्या गौतम कक्षा पांचवीं की छात्रा थी। वह रविवार को सुबह उठी तो ठण्ड के कारण कांपने लगी और पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। जबतक परिजन चिकित्सक के पास जाते वह बेहोश हो गयी। डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।