जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में शनिवार को 3957 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा में छात्र रासायनिक समीकरण को पूरा करने में हलकान रहे।
इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा में शनिवार को विलयन, विद्युत रसायन, इलेक्ट्रोड से काफी संख्या में सवाल पूछे गए। इंटर के छात्रों को अधूरे रासायनिक समीकरण को पूरा करने में पसीने छूटे। छात्रों का कहना है कि पेपर तो काफी सरल था लेकिन कुछ सवालों ने उलझा दिया। परीक्षा देकर बाहर छात्र निकले तो समीकरण वाले सवाल को लेकर काफी देर तक आपस में बात करते रहे।
बोर्ड परीक्षा में शनिवार को कुल 87082 छात्र पंजीकृत थे, इसमें से 83125 परीक्षा में शामिल हुए। 3957 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। पहली पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान में 19 हजार 405 छात्र पंजीकृत थे, इसमें से 18 हजार 309 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1100 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। दूसरी पाली में हाईस्कूल कंप्यूटर में 1374 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 1319 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, 55 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। इंटर रसायन विज्ञान में 49 हजार 892 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 48 हजार 101 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 1791 छात्र अनुपस्थित रहे। इंटर समाजशास्त्र में 15 हजार 950 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 14 हजार 957 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, 993 छात्र अनुपस्थित रहे। कढ़ाई, रंगाई समेत 13 विषयो में कुल 457 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 439 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 18 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया।
बोले छात्र
कुछ सवालों को छोड़कर बाकी प्रश्न आसान थे। समीकरण पूरा करने में काफी परेशानी हुई। विलयन व विद्युत रसायन के सवाल काफी आसान थे।अंशिका
इलेक्ट्रोड से आए सवाल को हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। तैयारी अच्छी तरह से होने के कारण सभी सवाल हर कर लिया था।-गौरव