जौनपुर। पूविवि. से संबद्ध महाविद्यालयों में चल रही बीबीए और बीसीए की सेमेस्टर परीक्षा के दौरान महाविद्यालय के गेट पर छात्रों को कैलकुलेटर ले जाने से रोक दिया गया। छात्रों ने गेट पर तलाशी ले रहे शिक्षकों से आपत्ति जताई तो उन्होंने विवि के नियमों का हवाला दिया। काफी देर तक गहमागहमी के बाद परीक्षा नियंत्रक के निर्देश पर कैलकुलेटर ले जाने की अनुमति दी।
राजा श्रीकृष्ण दत्त महाविद्यालय केंद्र पर शुक्रवार प्रथम पाली में सुबह से 9 से 12 बजे तक बीबीए और बीसीए तृतीय सेमसेटर के प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा देने छात्र पहुंचे थे। सभी छात्रों के पास के पास कैलकुलेटर था। परीक्षा केंद्र पर तलाशी के दौरान छात्रों को कैलकुलेटर ले जाने से रोक दिया गया। छात्रों का कहना था कि बिना कैलकुलेटर के परीक्षा दे पाना संभव नहीं होगा। जबकि महाविद्यालय प्रशासन ने यह कहकर कैलकुलेटर ले जाने से मना कर दिया कि प्रश्न पर यह अंकित नहीं किया गया है कि परीक्षा के दौरान छात्र अपने साथ कैलकुलेटर ले जा सकेंगे। जानकारी होने पर प्राचार्य डॉ. कैप्टन अखिलेश्वर शुक्ल ने परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह को दूरभाष पर मामले की जानकारी दी। परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को कैलकुलेटर ले जाने की अनुमति दी। इसके बाद प्राचार्य ने छात्रों को कैलकुलेटर ले जाने की अनुमति दे दी। प्राचार्य का कहना था कि प्रश्न पत्र पर कैलकुलेटर का उपयोग संबधित निर्देश अंकित नहीं किया था। इसलिए तलाशी के दौरान ही छात्रों को गेट पर रोका गया था।