क्षेत्र में फोरलेन-731 पर बहरा गांव के पास स्थित एक ढाबा के आगे मंगलवार की सुबह 8 बजे पिकअप की चपेट में आने से एक छात्र फरहान खान (15) की मौत हो गई जबकि उसका साथी सरफराज खान (15) घायल हो गया।
यह हादसा सुबह तब हुआ जब दोनों घर से साइकिल से स्कूल जा रहे थे। घायल का उपचार सीएचसी पर कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
क्षेत्र के गोनौली गांव से दो किशोर फरहान खान (15) पुत्र हकीम खान व सरफराज खान (14) पुत्र शमशाद खान निवासी बदलापुर स्थित एक स्कूल में कक्षा 9 के छात्र थे। बहरा गांव में फोरलेन पर स्थित अंश ढाबे के थोड़ा सा आगे पहुंचे, तभी सुल्तानपुर की तरफ से जौनपुर की तरफ जा रही तेज गति की असंतुलित अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आ गए।
गंभीर अवस्था में घायल फरहान को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी बदलापुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने फरहान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही उपचार के दौरान फरहान की मौत हो गई। परिजनों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।