रामपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में जौ की पिसाई करते समय घरघंटी (आटा चक्की) में करंट उतरने से शुक्रवार की शाम को एक एमएससी के छात्र की मौत हो गई। वह छुट्टी में अपने घर आया था। अधिवक्ता के पुत्र की मौत से मोहल्ले में मातम छा गया।
मड़ियाहू तहसील के अधिवक्ता श्रीप्रकाश मिश्र का बड़ा पुत्र सचिन मिश्र (20) जो लखनऊ में एमएससी बायोटेक का छात्र था। छुट्टी में घर आया था। शुक्रवार की शाम को सचिन जौ पीसने के लिए अपने छोटे भाई के साथ घरघंटी मशीन के पास गया। परिजनों के अनुसार, जौ पिसाई के लिए घर के पीछे स्थित कक्ष में जैसे ही मशीन को चालू किया घरघंटी में बिजली का करंट उतर गया और वह उसी में चिपक गया।
छोटा भाई चिल्लाते हुए घर के अंदर गया, लोग दौड़कर आए तब तक बिजली भी कट चुकी थी। उसे उठाकर पास के चिकित्सक को दिखाया गया, जिसने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।