करंजाकला क्षेत्र के पोटरियां गांव में वृद्ध की हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में भूत-प्रेत के शक में एक परिवार पर दबंगों ने बुधवार की रात हमला कर दिया। इस दौरान वृद्ध को निर्वस्त्र कर सड़क पर घसीटा गया और पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने नौ नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है जबकि छह लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ कर रही है। पोटरिया में रामबचन राजभर (63) का परिवार लंबे समय से रहता है। वह गांव में लोगों के खेत बटाई पर लेकर खेती करता है और बच्चे मुंबई में रहकर परिवार की जीविका चलाते हैं। पड़ोस के नरेश, रवि, अनिल, अच्छे लाल, वीरेंद्र, निर्मला, नंदलाल, रमेश, अखिलेश काफी दिनों से रामबचन राजभर पर भूत प्रेत करने का आरोप लगाते हुए रंजिश रखे थे। उसे कई बारजान से मारने की धमकी भी दी गई थी। बुधवार शाम गांव में रमेश राजभर के घर वैवाहिक कार्यक्रम था। रामबचन के परिजनों का कहना है कि रात दस बजे वह लोग 30-35 की संख्या में लाठी-डंडे से लैस लोगों के साथ पहुंचे और घर पर हमला कर दिया। दरवाजा, खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे और सो रहे रामबचन को लाठी-डंडे से पीटा फिर निर्वस्त्र कर सड़क पर घसीटने लगे। चीख-पुकार सुनकर बहू रंगीता पत्नी सुरेंद्र, बेटी इंद्रा, बेटे अनिल बचाने पहुंचे तो दबंगों ने उन्हें भी जमकर पीटा। हमले में वृद्ध रामबचन राजभर की मौत हो गई। जबकि अनिल को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर है। मृतक के बेटे सुरेंद्र की तहरीर पर दूसरे पक्ष के नरेश, रवि, अनिल, अच्छे लाल, वीरेंद्र, निर्मला, नंदलाल, रमेश, अखिलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जबकि पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ सदर रणविजय सिंह ने बताया कि भूतप्रेत को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। राम बचन राजभर की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हुई। आरोपियों में वीरेंद्र, राम पलट, रवि, रमेश, अनिल, अच्छेलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक रामबचन राजभर की फाइल फ़ोटो- फोटो : JAUNPUR