जौनपुर। लाइन बाजार पुलिस ने बृहस्पतिवार को तिवारीपुर तिराहा जगतगंज से 72 घंटे पहले चोरी हुए ट्रक को कबाड़ की दुकान से बरामद कर लिया। इस दौरान चोरी के चार आरोपी भी गिरफ्तार किए गए। वे ट्रक बेचकर फरार होने की फिराक में थे।
लाइन बाजार पुलिस टीम रसैना तिराहे के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि कुछ लोग जगतगंज में कबाड़ की दुकान पर चोरी का ट्रक बेचने की बात कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 16 जनवरी को बालू मंडी से ट्रक चोरी किया था। पुलिस ने मौके पर खड़े ट्रक के नंबर, चेचिस नंबर, इंजन नंबर का ई-चालान एप से मिलान किया तो पता चला इस ट्रक की चोरी का मुकदमा पहले से दर्ज है। पकड़े गए आरोपियों में विशाल गौतम उर्फ कल्लू निवासी मदारपुर, थाना सरपतहां, शिवम गौतम, हर्ष कश्यप निवासी ग्राम मनिया, थाना सरायख्वाजा और पिंटू गुप्ता निवासी रामपुर नदी, थाना मड़ियाहूं शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उप निरीक्षक सुधीर कुमार, गिरीश मिश्र, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार पांडेय, अनूप कुमार, अजीत दुबे, विनोद कुमार शामिल थे।