बरईपार। सब मानते हैं कि चोरी का सामान पुलिस खोज कर लाएगी लेकिन यहां तो कहानी ही उल्टी है। चोरी की जिस बाइक की तलाश में पीड़ित सात माह दर-दर भटक रहा था, वह थाने में मिली। पता चला कि उसे एक सिपाही शान से चला रहा ता।
वारी गांव निवासी सुजीत कुमार गुप्ता के घर से जनवरी माह में चारों ने उनकी सुपर स्पेलेंडर बाइक चुरा ली। सुबह सुजीत ने मछलीशहर कोतवाली में तहरीर दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। उधर सुजीत ने अपने स्तर से मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की। सात महीने बाद उन्हें पता चला कि उनकी मोटर साइकिल बख्शा थाने में तैनात एक सिपाही चला रहा है। सुजीत ने थाने में जाकर बाइक के बारे में पूछताछ की। वहां बताया गया कि उनकी बाइक थाने में नहीं है। उसने आरक्षी बैरक के पास अपनी बाइक देखी और बक्शा की पुलिस को बताया लेकिन बाइक नहीं दी गई। इसके बाद पीड़ित ने मछलीशहर कोतवाली जाकर बताया कि जिस बाइक की चोरी की रिपोर्ट उनके यहां दर्ज है, वह बक्शा थाने के आरक्षी बैरक के पास खड़ी है। थाना प्रभारी ने बाइक खोजने का आश्वासन दिया। इस संबंध में बख्शा थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी का कहना है कि प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर से वार्ता हुई है। विधिक कार्यवाही और जांच के बाद मोटरसाइकिल को वादी को सौंप दिया जाएगा।