राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह (वत्स) शुक्रवार को जौनपुर पहुंचे। यहां वह चंदवक थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर गांव में राकेश सिंह के घर पर आयोजित तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही वह सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 को लेकर आम नागरिकों के साथ जनसंवाद करेंगे। सूचना आयुक्त के निजी सचिव की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार वे राकेश सिंह के आवास पर स्थानीय लोगों से संवाद कर आरटीआई से जुड़े प्रावधानों और अधिकारों की जानकारी देंगे। इसके बाद देर रात लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी और थाना प्रभारी को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि जिले से सूचना प्राप्त हुई है। निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था लगा दी गई है।