सिंगरामऊ। पंचायत चुनाव में मतदान के लिए तैनात कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्राथमिक विद्यालय बछुआर परिसर में सोमवार को सफाई के दौरान मुहर लगा हुआ मतपत्र मेज के नीचे पड़े मिले। फिलहाल एक मतपत्र बरामद हुआ है। मतपत्र पर जिसे वोट मिले हैं, चुनाव में जीत उसी प्रत्याशी की हुई है। लिहाजा ग्रामीण मौन साध गए। इस लापरवाही पर जिम्मेदार भी चुप्पी साधे रहे। उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जताई।
बछुआर गांव में मतदान के लिए प्राथमिक विद्यालय पर बूथ बनाया गया था। मतदान के बाद मतपेटी को सील कर कर्मचारी अपने साथ ले गए। बुधवार को जब स्कूल के कमरों की सफाई होने लगी तो मेज के नीचे एक मतपत्र फेंका मिला। इस पर चुनाव चिह्न के सामने मुहर लगा था। चुनाव में इसी निशान वाले प्रत्याशी को जीत मिली है। मतपत्र लावारिस मिलने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। आसपास भी तलाश कराई गई, लेकिन कोई दूसरा मतपत्र नहीं मिला। मतपत्र पर निशान देख वह कर्मचारियों की लापरवाही की चर्चा करते हुए लौट गए। इस बाबत बदलापुर बीडीओ गौरवेंद्र सिंह का कहना था कि ऐसी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मतपत्र लावारिस मिलना बड़ी लापरवाही है। आरओ से पता कर जांच की जाएगी।