जलालपुर। पुरेंव गांव में खराब बिजली ठीक कराने के लिए दबाव बने रहे मनबढ़ों ने बुधवार की रात उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ की पिटाई कर दी। तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार विद्युत उपकेंद्र बराई से जुड़े पुरेंव गांव में लगे 10 केवी के ट्रांसफार्मर का फ्यूज बुधवार की रात में उड़ गया था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गांव निवासी प्रदीप कुमार राजभर, प्रवीण उर्फ विधायक,नन्हकू व एक अन्य बाउंड्री फांदकर कंट्रोल रूम में घुस गए। गाली देते हुए लाइन ठीक करने के लिए दबाव बनाने लगे। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ मुलायम सरोज निवासी गोपीपुर ने कहा कि स्टाफ के आने के बाद ही लाइन ठीक हो पाएगी। इसी बात को लेकर चार लोग ने एसएसओ को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया।उपकेंद्र के खिड़की का शीशा तोड़ दिया। मोबाइल उठा ले गए। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस भी पहुंच गई। बृहस्पतिवार को सुबह एसडीओ धर्मेंद्र कुमार यादव और जेई दिलीप कुमार ने घायल समेत अन्य कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचे।