मुंगराबादशाहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव व उनके कार्यकर्ताओं ने राजनीति के चक्कर में आस्था का महाकुंभ व सनातन को बदनाम करने का काम किया है। इन्हें उत्तर प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। यह बातें पकड़ी मोहल्ला में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रुद्र राजन राजभर के आवास पर बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं की बैठक में राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री अरविंद राजभर ने कहीं। कहा कि विश्वभर के 66 करोड़ लोगों ने प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव को महाकुंभ में कमियां ही कमियां देखने को मिलीं। सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के लोग सब्जी में तेजपत्ता की तरह से हम लोगों का प्रयोग किए। सब्जी तैयार होने के बाद जिस तरह लोग तेजपत्ते को चाट कर फेंक देते हैं, उसी तरह सपा वालों ने हमारी पार्टी का उपयोग किया। आगामी चुनाव में हम सपा को हार का स्वाद चखाने का काम करेंगे। अरविंद राजभर ने बताया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की 10 विधानसभा सीटों पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक होंगे।