केंद्रीय रेल एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने परिवर्तन रैली के मौके पर सभा को संबोधित करते हुए सोमवार को कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी नीतियों की पार्टी है। जहां सामान्य कार्यकर्ता भी ऊंचे पदों पर पहुंच सकता है। जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस परिवार वाद की पोषक है।
बीआरपी इंटर कालेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता के ह्रदय में जगह बना ली है और जनता जानती है कि कांग्रेस के कार्य काल में कितने घोटाले हुए, यहां तक कि राष्ट्रमंडल खेलों को भी नहीं बख्शा गया, इससे भारत की छवि पुरे विश्व में धूमिल हो गई।
2014 के चुनाव में बीजेपी को जनता से जो जन समर्थन मिला उसी के बल पर हम राष्ट्रवादी नीतियां बना रहे है। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अब समय आ गया है कि उत्तर प्रदेश का नौजवान किसान और महिलाएं एक साथ खड़े होकर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करें।
यही परिवर्तन यात्रा का असली संदेश है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद केपी सिंह ने कहा कि भाजपा जातिवाद, क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं करती, भाजपा केवल विकास की राजनीति करती है।
जब से नोट बंदी हुई है कश्मीर में पत्थर बाज़ी बन्द हो गई है। इससे सिद्ध होता है कि काला धन का इस्तेमाल आतंकवाद में होता है। मोहनलालगंज के सांसद कौशल किशोर ने कहा कि मुलायम के परिवार के अलावा कोई दूसरा नेता नहीं हो सकता वहीं बसपा में मायावती के अलावा कोई दूसरा राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं हो सकता।
भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री हो सकता है। यात्रा के संयोजक कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि व्यापारियों से वसूली करने वाले, नौजवान का शोषण करने वाले, महिलाओं का अपमान करने वाले बुआ भतीजे की सरकार से त्रस्त होकर यूपी की जनता सत्ता परिवर्तन के लिए मन बना चुकी है।
क्षेत्रीय संयोजक सुधीर मिश्र, अशोक चौरसिया, रामतेज पांडेय, डां हरेंद्र सिंह ने संबाधित किया। संचालन गिरीश यादव एवं धन्यवाद जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने किया। यात्रा का स्वागत यात्रा संयोजक हरेंद्र प्रसाद सिंह, रविंद्र मिश्र अजय सिंह, आशीष गुप्ता ने किया।