दीक्षांत के आगमन को लेकर पूविवि में बन रही सड़क।
- फोटो : JAUNPUR
करंजाकला। पूविवि में 16 फरवरी को होने वाले 24वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों जोरों पर है। परिसर की सफाई और रंगाई-पोताई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू है। सड़क की मरम्मत भी कराई जा रही है। इसके लिए मजदूरों की भारी भरकम टोली लगाई गई है।
महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में होने वाले दीक्षांत समारोह में स्नातक व स्नातकोत्तर में गोल्ड मेडल पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल इसमें बतौर कुलाधिपति शामिल होंगी। कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार समारोह को संपन्न कराने के लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। कुलपति आवास, अतिथि गृह की रंगाई पुताई और सड़क की पटरियों पर उगे घासफूस की सफाई कराई जा रही है। विवि. के मेन गेट पर वीर बहादुर सिंह की मूर्ति से लेकर एकलव्य स्टेडियम तक की सड़क पर गिट्टी की नई परत बिछाई जा रही है। विज्ञान संकाय और इंजीनियरिंग संस्थान से लेकर मेन गेट तक सड़क की पटरियों पर उगी घास साफ कराई जा रही है। सरस्वती सदन के सामने फूलों की बगिया सजाई जा रही है। विश्वकर्मा हॉस्टल, सीवी रमन, मीराबाई,द्रौपदी सहित सभी छात्रावास की रंगाई पोताई कराई जा रही है।