सिरकोनी। कल्याणपुर गांव निवासी दो भाइयों की बाइक को मड़ियाहूं के चोरारी बाजार में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में घायल छोटे भाई की मौत हो गई जबकि बड़ा भाई घायल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार उक्त गांव की निवासी राजेन्द्र प्रसाद की पत्नी इमिरता देवी का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। उनके दो पुत्र रमेश कुमार (40) तथा सदावृक्ष (28) बाइक से मड़ियाहूं के बिजुरगा गांव तेरहवीं का कार्ड देने गए थे। कार्ड देकर वे लौट रहे थे। चोरारी बाजार में किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सहित गिर गए। बाइक चला रहे सदावृक्ष की मौके पर मौत हो गयी और रमेश बेहोश हो गए। थोड़ी देर बाद स्थानीय लोग और जिस रिश्तेदारी से दोनों लौट रहे थे वे लोग भी पहुंच गए। दोनों को सीएचसी मड़ियाहूं ले गए। वहां चिकित्सक ने सदावृक्ष को मृत घोषित कर दिया। रिश्तेदार सदावृक्ष का शव लेकर कल्याणपुर चले आये। प्रधान रमेश चंद्र जायसवाल ने घटना की जानकारी मड़ियाहूं कोतवाल को दी। मड़ियाहूं कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।