जौनपुर। भीषण गर्मी से परेशान हर व्यक्ति बारिश की आस लगाए बैठा था, मानसून आया तो झमाझम बारिश शुरू हो गई। तीन दिन से कभी सुबह तो कभी शाम को बारिश हो रही है। खेती के लिए जहां बारिश फायदेमंद है, वहीं शहर में रहने वाले लोगों के लिए आफत बन गई है। कहीं सड़क धंसने तो कहीं कीचड़ फैलने से सड़कों पर जाम लग जा रहा है। जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है।
शनिवार को दिन में जौनपुर शहर के लाइन बाजार चौराहे पर सड़क धंसने से वहां जाम की स्थिति बन गई। हालांकि चौड़ी सड़क होने से ज्यादा दिक्कत यहां नहीं हुई। वहीं ओलंदगंज में भारतीय स्टेट बैंक की कृषि शाखा के पास सड़क पर कीचड़ होने की वजह से जाम लग गया। दोपहर करीब ढाई बजे से लेकर साढ़े तीन बजे तक भीषण जाम लगा रहा। इस वजह से लोगों को रास्ता बदलकर आवागमन करना पड़ा। जिन लोगों को पॉलीटेक्निक चौराहा जाना था वह लोग ओलंदगंज से मछलीशहर पड़ाव होते हुए नईगंज निकले। वाजिदपुर तिराहा जाने के लिए गली की राह चुने।
इनसेट
सड़कों की खोदाई की वजह से अक्सर लगता है जाम
जौनपुर शहर में जाम की समस्या इन दिनों आम हो गई है। यातायात पुलिस द्वारा बनाई गई तमाम योजना फेल साबित हो रही है। स्थिति यह है कि उर्दू बाजार में घनश्याम दास का अहाता के सामने, कोतवाली के पास, बड़ी मस्जिद के पास सड़क खाेदी गई है। कचहरी रोड पर सद्भावना मोड़ के पास, आंबेडकर तिराहे के पास खोदाई के कारण कीचड़ फैला हुआ है। इस वजह से आए दिन जाम लगता है। सड़क धंसने और जाम का प्रमुख कारण सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कें हैं। यातायात प्रभारी निरीक्षक जीडी शुक्ला ने कहा कि जब तक सड़क नहीं बनेगी तब तक जाम की समस्या से पूरी तरह निजात नहीं मिल सकती। क्योंकि एक तरफ जाम हटवाया जाता है, तब तक दूसरी तरफ गड्ढे के कारण जाम लग जाता है।