जौनपुर। मौसम का मिजाज शनिवार को एक बार फिर बदल गया। सुबह से बादल छाए थे और दोपहर बाद तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई। बारिश होने से खेत में पड़ी दलहनी और तिलहनी फसलों को ज्यादा नुकसान की आशंका है। जौनपुर शहर में शाम करीब छह बजे पहले तेज हवा चली उसके कुछ देर के बाद बारिश होने लगी। करीब 20 मिनट तक बारिश हुई। इसी तरह बरईपार, बक्शा, सिकरारा आदि क्षेत्रों में भी बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है। वरिष्ठ वैज्ञानिक पादप सुरक्षा डॉ. संदीप कुमार ने बताया है कि बारिश होने एवं तेज हवा की वजह से दलहनी फसल अरहर, मसूर, मटर एवं चना के साथ-साथ आम की फसल पर इसका प्रभाव पड़ेगा। इस समय दलहनी फसलों में फलिया तथा आम में छोटे टीकोरे लगने शुरू हो गए हैं। ज्यादातर अरहर की फलियां पक चुकी है और फसल की कटाई शुरू है। जिन किसानों ने फसल की कटाई नहीं करायी है उन्हें नुकसान अधिक है।