बरसठी। प्रधानमंत्री की पीएम सूर्य घर योजना में एक गंभीर अनियमितता सामने आई है। सरसरा गांव के हरिशंकर गुप्ता पर सोलर पैनल लगाए बिना ही 1 लाख 38 हजार 600 रुपये का कर्ज दर्ज हो गया है। उन्होंने बिजली बिल से राहत पाने के लिए तीन किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगवाने के लिए आवेदन किया था।
बरसठी ब्लॉक मुख्यालय के सामने गुमटी में दाना भूनकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले हरिशंकर गुप्ता ने आरोप लगाया कि एक वेंडर के माध्यम से आवेदन करने के बाद उनके खाते से 22 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से उनके नाम पर 1 लाख 38 हजार 600 रुपये का ऋण भी स्वीकृत हो गया। उन्हें जल्द सोलर प्लांट लगाने का भरोसा दिया गया। हालांकि, कई महीने बीत जाने के बाद भी उनकी छत पर एक भी सोलर पैनल नहीं पहुंचा। हरिशंकर का कहना है कि जानकारी के लिए संपर्क करने पर उन्हें प्रक्रिया चलने की बात कहकर टाल दिया जाता है। वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार ने कहा कि अभी शिकायत नहीं मिली है।जानकारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी।