मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन का कोतवाल बनी स्नेहिका गर्ग कोतवाली में सुनवाई करती हुई।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बृहस्पतिवार को 11वीं की छात्रा स्नेहिका गर्ग एक दिन के लिए शहर कोतवाल बनीं। इस दौरान स्नेहिका ने न सिर्फ लोगों की समस्याएं सुनी बल्कि उसके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल वाजिदपुर की 11वीं की छात्रा स्नेहिका गर्ग ने कोतवाली प्रभारी का कार्यभार संभालने से पहले कोतवाल संजीव मिश्रा से पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। बतौर कोतवाली प्रभारी उसने फरियादियों की सुनवाई शुरू की। शकरमंडी निवासी घनश्याम मिश्रा ने शिकायती पत्र दिया कि उनके छोटे भाई की बहू अपने मायके से लोगों को बुलवाकर मकान में लगा ताला तोड़ने की कोशिश की है। स्नेहिका ने पीड़ित से उनकी समस्या के बाबत कुछ सवाल किए तो पता चला कि यह पारिवारिक विवाद का मामला है। उन्होंने इलाके के दरोगा को निर्देश दिया कि वह दोनों पक्षों को थाने बुलवाकर बात करेंगे अगर समझौता हो गया तो ठीक है नहीं तो इस समस्या के निस्तारण के लिए उन्हें कोर्ट जाना होगा। राज कॉलेज चौकी क्षेत्र से आए एक फरियादी ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि वह मकान का निर्माण करा रहे हैं जिसे डाकघर के कर्मचारियों ने रोक दिया। इस पर प्रभारी इंस्पेक्टर स्नेहिका ने राज कॉलेज चौकी इंचार्ज को निर्देश दिया कि थाना दिवस पर दोनों पक्षों को बुलाएं। पैमाइश के बाद ही मामले का निस्तारण हो सकता है। तब तक के लिए निर्माण रोकने का निर्देश दियास्नेहिका ने कहा कि कोतवाल बनने का बहुत अच्छा अनुभव रहा। पुलिस का काम बेहद चुनौतीपूर्ण है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह भी पुलिस सेवा में जाना चाहेंगी।