पवारा के मड़वा दोदक गांव में सड़क दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर जुटी भीड़। पाठक
मछलीशहर। पवारा थाना क्षेत्र के मड़वा दोदक गांव में बुधवार की दोपहर सड़क के किनारे ट्रैक्टर की चपेट में आने से आकांक्षा (6) की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई शुरू कर दी। चालक भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। आकांक्षा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। कक्षा एक में पढ़ती थी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। मड़वा दोदक गांव निवासी दिहाड़ी मजदूरी करने वाले सुरेंद्र कुमार की बेटी आकांक्षा सड़क की पटरी से अपने घर जा रही थी। पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ प्रतिमा वर्मा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। सुजानगंज थाना प्रभारी अमित पांडेय, तेजीबाजार थाना प्रभारी सतेंद्र भाई पटेल और पवारा थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के पिता सुरेंद्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस भागे चालक की तलाश कर रही है।