चंदवक पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गश्त के दौरान क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कनौरा के पास से चोरी की योजना बनाते छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी में प्रयुक्त हथियार भी बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका कोर्ट के लिए चालान कर दिया है। चंदवक एसओ संजय कुमार सिंह ने मुखबिर की सूचना पर कनौरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास घेराबंदी की। वहां से छह संदिग्ध पकड़े गए। पूछताछ में उनकी पहचान आजमगढ़ के जहानागंज निवासी संजय राय, कनौरा निवासी ऋषभ सिंह, पल्हनी निवासी राधेश्याम यादव, आजमगढ़ के सिधारी थाना अंतर्गत इटरौरा निवासी रवींद्र यादव, जीयनपुर निवासी राजू यादव व मऊ के मोहम्मदाबाद कोतवाली के लग्गूपुर निवासी सुनील सिंह के रूप में हुई। एसओ के मुताबिक सभी क्षेत्र में कहीं चोरी की योजना बना रहे थे।